सुल्तानपुर। विद्युत विभाग के शिकायत कक्ष पर तैनात संविदा कर्मी पवन कुमार सिंह उर्फ अर्जुन सिंह की दबंगई आखिरकार भारी पड़ गई। सरकारी कर्मचारियों को धमकाना, मारपीट करना और अनुशासनहीनता की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व में भी पवन कुमार सिंह के व्यवहार को देखते हुए उसका तबादला हलियापुर उपकेंद्र कर दिया गया था। लेकिन उसने विभाग के कुछ अधिकारियों की चापलूसी कर पुनः शिकायत कक्ष में तैनाती हासिल कर ली।
पूर्व अवर अभियंता के स्थानांतरण के बाद पवन कुमार सिंह ने फिर से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए और कई संविदा कर्मियों के साथ मारपीट कर डाली। सरकारी कर्मचारियों को भी धमकाने लगा। मामला विभागीय प्रबंधन तक पहुँचा, तो अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए पवन कुमार सिंह का तत्काल तबादला लोलेपुर उपकेंद्र कर दिया।
सूत्रों की मानें तो पवन कुमार सिंह अब उच्च अधिकारियों की शरण में जाकर अपना तबादला रुकवाने की कोशिश कर रहा है। साथ ही यह भी चर्चा है कि वह अवैध तरीके से फर्जी लाइनें चालू कराकर विभाग को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुँचा रहा है।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई न की गई, तो इससे विद्युत महकमे की छवि और कार्यप्रणाली दोनों पर सवाल खड़े हो सकते हैं।

