अजय प्रताप सिंह
पचमढ़ी, मध्यप्रदेश – 13 जुलाई 2025 — मध्यप्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर सतपुड़ा पर्वतमाला के हिल स्टेशन पचमढ़ी में इस वर्ष पचमढ़ी मानसून मैराथन 2025 का आयोजन पूरे उत्साह और जोश के साथ किया गया। मानसून की तेज़ बारिश, हवा की गति और कीचड़ से भरे चुनौतीपूर्ण रास्तों ने इस दौड़ को एक साहसिक अनुभव में बदल दिया।
इस प्रतिष्ठित मैराथन में 5 किमी, 10 किमी, 21.1 किमी (हाफ मैराथन) और 42 किमी (फुल मैराथन) जैसी विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने इस कठिन मार्ग पर दौड़ लगाई और मूसलाधार बारिश, 10-15 किमी प्रतिघंटा की हवा और कीचड़ से लथपथ पगडंडियों के बीच सफलतापूर्वक दौड़ पूरी की।

यह सिर्फ एक दौड़ नहीं थी, बल्कि मानसून की चुनौती को स्वीकार करने का प्रतीक थी — हर कदम पर फिसलन भरा रास्ता, कभी धुंध, कभी पानी से लबालब सड़कें, और हर मोड़ पर खुद को एक नई परीक्षा में झोंकने का अनुभव।
42 किमी की फुल मैराथन मटकुली से शुरू होकर पचमढ़ी हवाई पट्टी पर समाप्त हुई, जिसे भारत की सबसे चुनौतीपूर्ण मैराथनों में से एक माना जाता है।
यह अनुभव एक बार फिर यह सिद्ध करता है कि जब संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी रास्ता असंभव नहीं। प्रतिभागियों ने पचमढ़ी की घाटियों में दौड़ते हुए, प्रकृति के हर रंग को महसूस किया और मौसम की हर परीक्षा में दृढ़ता के साथ खड़ा रहा। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से इस मैराथन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।


