कृष्णा कुमार नोनिया
अखंड राष्ट्र
केंदुआ (धनबाद) : बीसीकेयू के समर्थन में बीएनआर साइडिंग के ठेका मजदूरों ने सोमवार से क्रमिक भूख हड़ताल की शुरुआत कर दी। मजदूरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है और चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 4 सितंबर से साइडिंग का डिस्पैच बंद कर दिया जायेगा।
आंदोलन के पहले दिन महिला मजदूर मुन्नी देवी, श्यामपरी देवी, संगीता देवी, सुधा देवी और माला देवी भूख हड़ताल पर बैठीं। इनका समर्थन करने के लिए बड़ी संख्या में अन्य ठेका मजदूर भी धरना स्थल पर मौजूद रहे।
मजदूरों ने बताया कि वे वर्षों से साइडिंग में पीकिंग और ब्रेकिंग जैसे कठिन कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक वास्तविक मजदूरी नहीं मिली। एक स्वर में मजदूरों ने कहा— “हमने अपनी जवानी साइडिंग को समर्पित कर दी, लेकिन अब भी हमारा हक़ नहीं मिला।”
धरना स्थल पर मौजूद ठेका मजदूरों में मानिकचंद्र नोनिया, दुखन पासवान, धर्मेंद्र पासवान, धनेश्वर भुईयां, अशोक पासवान, सुरेंद्र पासवान, शंकर मोदक, विजय पासवान, नागो पासवान, सिया यादव, राजकुमार पासवान, मनोहर राउत, सलाऊद्दीन, मो. मंसूर, मुन्ना चौहान समेत दर्जनों मजदूर शामिल थे।
यूनियन नेताओं का आरोप है कि प्रबंधन अब तक केवल वार्ता और आश्वासन देकर आंदोलन को टालता रहा है। उन्होंने साफ कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गयी, तो 4 सितंबर 2025 से साइडिंग का काम ठप कर दिया जाएगा।

