उन्नाव। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी, प्रशांत क्रांति संघ (सेना), उन्नाव ने जिले में लगातार बढ़ती अवैध पशु तस्करी को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। पिछले लगभग छह माह से जारी इस मुहिम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिले के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और तस्करी के मार्गों, गोदामों तथा पशु हत्यास्थलों का विस्तृत अध्ययन किया।
जिला स्तर पर प्रशासन और पुलिस की निष्क्रियता के बावजूद, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अंतर्राष्ट्रीय संगठनों PETA India और अन्य विश्व प्रसिद्ध पशु संरक्षण संस्थाओं से संपर्क कर इस मुद्दे को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उजागर किया। इन संगठनों ने मामले को गंभीरता से लिया और इसे राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के ध्यान में लाने की सिफारिश की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और पशुधन मंत्री श्री धर्मपाल सिंह से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने का अनुरोध किया है। इस बैठक में वे जिले में अवैध पशु तस्करी, प्रशासन की निष्क्रियता और संबंधित अधिकारियों की भूमिका के ठोस सबूत प्रस्तुत करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल अवैध पशु तस्करी रोकना और पशुओं के जीवन की रक्षा करना है। इसके साथ ही, प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार और निष्क्रियता पर भी नियंत्रण सुनिश्चित करना है। ये भी जीव हैं, इनके भी आंसू आते हैं और हमें उनके जीवन की सुरक्षा करनी है।”
प्रशांत क्रांति संघ (सेना) की यह मुहिम उन्नाव में पशु संरक्षण और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में संकलित सभी सबूत और दस्तावेज़ प्रधानमंत्री कार्यालय को प्रस्तुत किए जाएंगे, ताकि अवैध व्यापार में शामिल अधिकारियों और दलालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

