सरकार पर बिफरे विधायक पंकज पटेल
सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)
मुंगराबादशाहपुर जौनपुर- नगर के कमालपुर में बीएलओ लक्ष्मी सरोज के पति चंद्र प्रकाश सरोज (45) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह पत्नी के साथ एसआईआर फार्म भरवाने में सहयोग कर रहे थे। सोमवार की शाम को उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही विधायक पंकज पटेल मौके पर पहुंचे और सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में कार्यरत बीएलओ की मौतों की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और मृतक परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा एसआईआर प्रक्रिया में कार्यरत बीएलओ को भारी दबाव में रखा जा रहा है जिससे उनकी जान जा रही है। सरकार को उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए।एसआईआर के नाम पर हो रहे अत्याचारपूर्ण कार्यवाही को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। मृतक चंद्र प्रकाश सरोज एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक थे। उनके दो बेटे हैं हर्ष (20 वर्ष) और नितिन (10 वर्ष) विधायक पंकज पटेल ने सरकार से मांग की है कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए।

