लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए बड़ा
राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले 30 वर्षों तक भाजपा की सरकार रहेगी और विपक्षी दलों को सत्ता में वापसी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति अंगद के पैर जैसी है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने
कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर नजर रखनी होगी और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनानी है।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में अगले 30 वर्षों तक सरकार बनाने का सपना छोड़ दें। शाह ने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी की राजनीति इसी तरह चलती रही तो कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में वापस नहीं आ पाएगी।
तीसरी बार सरकार बनने पर UCC लागू करने का वादा
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में UCC लागू हो चुका है और उत्तर प्रदेश की बारी है। भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने का मौका मिलने पर प्रदेश में भी इसे लागू किया जाएगा।
वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को दी चुनौती
अमित शाह ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि चुनाव आयोग और वोट चोरी के मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाकर चर्चा की जाए। भाजपा इसके लिए तैयार है और विपक्ष के सवालों का जवाब देने को भी तैयार है।
2027 चुनाव पर टिकी निगाहें
अमित शाह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और विपक्षी दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। एक तरफ भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का दावा कर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी भाजपा को चुनौती देने की तैयारी में जुटी हैं।


