धनबाद IIT-ISM में बड़ा हादसा: एक्वामरीन हॉस्टल की 8वीं मंजिल से गिरकर B.Tech छात्र की मौत, परिसर में मचा हड़कंप
धनबाद। झारखंड के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान IIT-ISM धनबाद से शनिवार की सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई। संस्थान के एक्वामरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरने के कारण बीटेक के अंतिम वर्ष के एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे संस्थान परिसर में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक छात्र की पहचान राजकुमार प्रतीक के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के अहमदपुर का निवासी था और उसकी उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। वह IIT-ISM में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह छात्र एक्वामरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्र की मौत की खबर मिलते ही संस्थान प्रबंधन ने उसके परिजनों को सूचना दी। दूर महाराष्ट्र में रहने वाले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।
किन परिस्थितियों में हुई घटना, अभी स्पष्ट नहीं
घटना को लेकर IIT-ISM के सिक्योरिटी इंचार्ज राम मनोहर ने बताया कि छात्र आठवीं मंजिल से किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। शुरुआती स्तर पर घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं, लेकिन किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, हर पहलू की हो रही पड़ताल
छात्र की मौत के बाद पुलिस और IIT-ISM प्रबंधन मामले की जांच में जुट गए हैं। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ हॉस्टल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और घटना के समय की परिस्थितियों की जानकारी ली जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर छात्र आठवीं मंजिल से किन हालात में नीचे गिरा। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
एक होनहार छात्र की असामयिक मौत से IIT-ISM परिसर में शोक का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे इस दुखद घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें।


