धनबाद:धनबाद जिले के कतरास क्षेत्र में विजयदशमी की रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। जहां एक ओर पूरे क्षेत्र में मां दुर्गा की विदाई हो रही थी, वहीं दूसरी ओर बाघमारा प्रखंड अंतर्गत कतरास श्यामडीह कोलडम्प स्थित दुर्गा कॉलोनी के दुर्गा मंदिर को चोरों ने निशाना बना लिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे से 12:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मां दुर्गा की सोने की नथनी, मांग टीका, चांदी की पायल सहित तीन दान पेटियों में रखी नगदी चोरी कर ली।
घटना का पता देर रात करीब डेढ़ बजे स्थानीय लोगों को चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। रविवार सुबह होते ही मंदिर परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कतरास पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

भाजपा नेत्री जानकी देवी के अनुसार, इस चोरी में लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि गश्त सक्रिय होती तो इस घटना को रोका जा सकता था।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में भय का माहौल है। लोगों ने मंदिर व कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

