सुईथाकला (जौनपुर): सरपतहा थाना क्षेत्र के रूधौली गांव के निकट शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। नहर में एक युवक का शव तैरता दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला और जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, जिसके बाद पुलिस ने शव को जौनपुर के मर्चरी हाउस भेजा। वहां पहचान प्रक्रिया के बाद मृतक की शिनाख्त 28 वर्षीय श्रीप्रकाश, पुत्र रामदास, निवासी भरथुआ, थाना दोस्तपुर, जिला सुलतानपुर के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, श्रीप्रकाश अपने जीजा राजेश कुमार के घर बनकेगांव, थाना कादीपुर, जिला सुलतानपुर आए थे। शुक्रवार सुबह वह शौच के लिए नहर के किनारे गए थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिरकर डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी सरपतहा अमित सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

