जौनपुर। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, भारत सरकार (राज्य कार्यालय लखनऊ) के निदेशक वी.के. सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के विभिन्न थानों में पंजीकृत और लंबित मामलों की क्रमवार समीक्षा की गई।
निदेशक ने इन मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और पीड़ितों को दी जा रही आर्थिक सहायता के विषय में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुसूचित जाति से जुड़े उत्पीड़न के मामलों में संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निदेशक सिंह ने क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों की जांच सावधानीपूर्वक की जाए और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शैलेन्द्र सिंह ने आश्वासन दिया कि निदेशक द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

