विवेक कुमार उपाध्याय
नौपेड़वा(जौनपुर) आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा जौनपुर प्रथम पर सोमवार को प्रदेश सरकार के आई.ए.एस. कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने पहुँच निरीक्षण किया। कृषि उत्पादन आयुक्त द्वारा पहुँच केंद्र की विभिन्न इकाइयों का गहन निरीक्षण करतें हुए प्रगति की जानकारी ली। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार कनौजिया ने विभिन्न इकाइयों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन के अलावा नर्सरी उत्पादन पर भ्रमण कर जानकारी ली। उन्होंने केंद्र के इकाइयों के माध्यम से कृषक समूहों को स्वरोजगार एवं आयवृद्धि की दिशा में केंद्र पर स्थापित मूल्य संवर्धन उत्पाद के बारे में जानकारी प्राप्त की साथ ही समूहों द्वारा चलाए जा रहे मूल संवर्धन उत्पाद की सराहना भी की। आयुक्त ने सुझाव दिया कि मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन तथा पौधशाला उत्पादन जैसी गतिविधियाँ कृषकों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि इन इकाइयों को प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित कर अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों को निर्देशित किया कि कृषक समूहों को इन योजनाओं से जोड़कर उन्हें तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण, बीज, उपकरण तथा विपणन सहायता उपलब्ध कराई जाए। विशेष रूप से युवाओं एवं महिलाओं को इन कार्यों में जोड़ने पर बल दिया जाए जिससे ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाएँ बढ़ सकें। इस दौरान उप कृषि निदेशक हिमांशू पाण्डेय, वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. रत्नाकर पाण्डेय, डॉ. प्रगति यादव, अमित सिंह सहित वैज्ञानिकगण मौजूद रहे।

