एटा, 4 अगस्त:जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में कोतवाली के सामने रोडवेज बस में चढ़ते समय एक जेब कतरे ने बुजुर्ग की जेब काटकर बस में नहीं गया जिसका वीडियो शोसल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शहर के बीचोंबीच सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए कोतवाली नगर के समीप हाथी गेट चौराहे पर दिनदहाड़े एक बुजुर्ग को शिकार बनाकर जेबकतरे ने जेबकटी की वारदात को अंजाम दिया। घटना का वीडियो मौके पर ही किसी सडक पर खडे युवक नेअपने कैमरे में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि भीड़भाड़ के बीच बस पर चढ़ने की कोशिश कर रहे बुजुर्ग के कुर्ते में युवक बड़ी सफाई से हाथ डालता है और जेब काटकर भीड़ में गुम हो जाता है। जेब काटने के बाद आरोपी खुद बस में नहीं चढ़ा, बल्कि मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना कोतवाली नगर की नाक के नीचे हुई, जिससे पुलिस की गश्त और निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन के महीने में शहर के मंदिरों, भंडारों और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में जेबकतरे सक्रिय हो जाते हैं। बावजूद इसके पुलिस का कोई ठोस इंतजाम नजर नहीं आ रहा। त्योहार और सावन के मेलों में ऐसे गिरोहों की सक्रियता बढ़ने से श्रद्धालु और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
हाथी गेट चौराहे पर हुई इस वारदात से यह भी स्पष्ट हो गया कि जेबकतरे बेखौफ होकर पुलिस थाने के करीब भी अपनी करतूतों को अंजाम दे रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर जब स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए तो कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अमित कुमार ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है और जल्द ही उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
शहरवासियों ने बताया पुलिस व प्रशासन से ऐसे जेबकतरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि श्रद्धालु और यात्री चैन से आने वाले त्योहार मना सकें।

