महराजगंज/जौनपुर | ब्लाक महराजगंज के कई गांवों में ग्राम पंचायतों द्वारा गांव की गलियों व सड़कों को रोशन करने के लिए सोलर लाइटें तो लगवाई गई थीं, लेकिन रखरखाव न होने के कारण अब अधिकांश लाइटें वर्षों से खराब पड़ी हैं।
गद्दोपुर ग्राम पंचायत इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब सात वर्ष पहले तत्कालीन प्रधान शिवप्रसाद गौतम ने गद्दोपुर गांव में 10 सोलर लाइटें लगवाई थीं। इनमें से छह लाइटें लंबे समय से खराब होकर बंद हैं। ग्रामीण बताते हैं कि वर्तमान प्रधान राममिलन यादव से कई बार मरम्मत की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने इस समस्या की शिकायत संबंधित अधिकारियों से भी की, मगर आज तक समाधान नहीं हो सका। गांव के अभिषेक यादव, चंदन, राजेश, रमेश सहित कई ग्रामीणों ने बीडीओ महराजगंज दिनेश कुमार मौर्य से मांग की है कि खराब पड़ी सोलर लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि गांव की गलियां एक बार फिर उजाले से जगमगा सकें।

