धनबाद।अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड डीजीपी को पत्र लिखकर गोधर क्षेत्र में कोयला माफिया पप्पू मंडल के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है।
उन्होंने कहा कि केंदुआडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुंडा डिपो से केडीकेएस (KDKS) साइडिंग तक जाने वाला कोयला गोधर 26 नंबर से होकर गुजरता है। इसी दौरान पप्पू मंडल के गुर्गे हाईवा से कोयला उतरवाकर अलग जगह जमा करते हैं और रात के अंधेरे में अवैध भट्टों तक भेजते हैं। सिर्फ दिखावे के लिए आधा गाड़ी कोयला ही साइडिंग में गिराया जाता है, जबकि आधा ट्रक कोयला रास्ते में ही उतार लिया जाता है।
रत्नेश कुमार ने आरोप लगाया कि इस पूरे खेल में केडीकेएस साइडिंग के साइड इंचार्ज और कुछ बीसीसीएल अधिकारियों की मिलीभगत है, तभी तो प्रतिदिन ट्रकों से आधा लोड कोयला गायब हो जाता है और कोई कार्रवाई नहीं होती। बताया गया कि रोजाना रात 11 बजे से यह गोरखधंधा संचालित होता है, जिसमें ट्रकों से कोयला लोड कर अवैध भट्टों तक पहुंचाया जाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस अवैध कारोबार में स्थानीय कलाम की सिपाही की साठगाठ से पप्पू मंडल के हर काम को मैनेज करता है। इस वजह से केंदुआडीह थाना प्रभारी की छवि धूमिल हो रही है और स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
रत्नेश कुमार ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो कोयला माफिया यूं ही बीसीसीएल और राजस्व को करोड़ों का चूना लगाते रहेंगे। साथ ही उन्होंने डीजीपी से तत्काल हस्तक्षेप कर कोयला माफियाओं और उनकी मदद करने वाले अधिकारियों-पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

