जौनपुर। थाना बदलापुर पुलिस ने मंगलवार रात एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चेकिंग के दौरान चोरी की गई ट्रक के साथ एक अभियुक्त को धर दबोचा, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्त ने ट्रक को अयोध्या से चोरी करने की बात कबूल की है।
बीती रात्रि लगभग 8:10 बजे थाना बदलापुर पुलिस टीम देवरामपुर क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी खुटहन की दिशा से आती एक संदिग्ध ट्रक पुलिस बैरिकेडिंग देखकर कुछ दूरी पर रुक गई। इसी दौरान ट्रक में सवार तीन व्यक्ति खेत की ओर भाग खड़े हुए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक में बैठे एक व्यक्ति को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी तीन अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम नूरआलम पुत्र हबीब अहमद निवासी पितईपुर, थाना मान्धाता, जिला प्रतापगढ़ बताया। उसकी तलाशी में एक मोबाइल, नकदी और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। पूछताछ में नूरआलम ने बताया कि वह तथा उसके तीन साथी—शाहरूख, जैनुल और गुफरान—ने उक्त ट्रक को प्रयागराज रोड, जिला अयोध्या स्थित एक ढाबे से चोरी किया था, जिसे बेचने की नीयत से ले जा रहे थे।
गौरतलब है कि यह ट्रक (संख्या: UP42 BT8300) थाना पूराकलंदर, अयोध्या में पंजीकृत मुकदमा संख्या 376/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज चोरी की घटना से संबंधित है। ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर संबंधित थाना पूराकलंदर को सूचना दे दी है।

