वीडियो वायरल होने पर हुई कार्रवाई
जौनपुर । जिले के बदलापुर थाने में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में अश्लील डांस कराने वाले थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय को पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस मामले में विभागीय जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।
बदलापुर थाने में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में “मुझे नौ लखा मंगा दे वो साइयां दीवाने” गाने पर नर्तकियों ने अर्धनग्न होकर नृत्य किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष को निलंबित करने की कार्रवाई की।
जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन और सभी थानों में आकर्षक झांकियां सजाई गईं और लोक एवं भक्ति गीतों के बीच यह पर्व मनाया गया। लेकिन बदलापुर थाने में हुई इस घटना ने पुलिस विभाग की किरकिरी करा दी।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने पूरे मामले की जांच एसपी सिटी को सौंप दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से ही पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

