मुंबई शहर के एक केमिकल फैक्ट्री में हुआ बड़ा हादसा
मुंगराबादशाहपुर/जौनपुर उत्तर प्रदेश जिला जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर निवासी की मुंबई के दहिसर इलाके में एक केमिकल फैक्ट्री में हुए गैस रिसाव से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव निवासी नंदकिशोर पटेल मुंबई के दहिसर इलाके में एक दवा की फैक्ट्री में पिछले 8 सालों से काम कर रहे थे। शुक्रवार की सुबह 10:00 बजे फैक्ट्री के बगल एक केमिकल फैक्ट्री में गैस रिसाव हुआ था। जिससे दवा कंपनी के कर्मचारी भी प्रभावित हुए तथा इस हादसे में घायल नंदकिशोर पटेल को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन कुछ देर बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया और फूट-फूट कर रोने लगे। नंदकिशोर की पत्नी सावित्री देवी घटना से बेसुध होकर गिर गई। नंदकिशोर को चार बच्चे थे, बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। रविवार की सुबह नंदकिशोर का शव घर पहुंचा तो चीख चीत्कार लोगों का कलेजा हिल गया। पूरे गांव में मातम छा गया। लोगों के घर चूल्हे तक नहीं जले।

