अखण्डनगर थाना क्षेत्र के खानपुर पिलाई गांव में 70 वर्षीय ब्राह्मण बुजुर्ग उमाशंकर दूबे की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब उमाशंकर पशुओं को चराने गए थे। अज्ञात कारणों से कुछ लोगों ने ठंडे से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान हो गए। परिजनों ने उन्हें शाम करीब 5 बजे अखण्डनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉ. विवेक वर्मा ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्याकांड से आक्रोशित ग्रामीणों ने अखण्डनगर चौक को जाम कर दिया। सूचना पर थाना प्रभारी दीपक कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को थाने ले गए। मृतक के बेटे ने अपने भाइयों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराने की बात कही। ग्रामीणों ने गांव के कुछ नामजद और अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, और पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी है।

