(अखंड राष्ट्र) वरीय संवाददाता कृष्णा कुमार नोनिया
धनबाद। बुधवार को धनबाद लॉ कॉलेज जंग का मैदान बन गया। कॉलेज परिसर में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें सेमेस्टर तीन का छात्र *रितेश मिश्रा* गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया। कई अन्य छात्रों और छात्राओं को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद घायल रितेश मिश्रा को एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया। कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया कि झगड़े के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार भी हुआ।
ऐसे हुआ विवाद की शुरुआत
सूत्रों के अनुसार, रक्षाबंधन से एक दिन पहले 8 अगस्त को सेमेस्टर वन के दो छात्रों सौरभ सिंह और रवि के बीच मारपीट हुई थी। मामला खत्म कराने के लिए सेमेस्टर तीन के छात्र रितेश मिश्रा और छात्रा पल्लवी ने मध्यस्थता की थी।
लेकिन तीन दिन बाद सौरभ के पिता ने कॉलेज प्रबंधन को ईमेल कर शिकायत की कि उनके बेटे के साथ रैगिंग की गई है। इस पर कॉलेज प्राचार्य कमल किशोर ने बुधवार को दोनों पक्षों – सौरभ सिंह के पिता, छात्र रितेश मिश्रा और पल्लवी – को समझौते के लिए कॉलेज बुलाया था।
बाहरी लोगों की एंट्री और हमला
इसी दौरान अचानक 25-30 बाहरी लोग कॉलेज में घुस आए और सीधे रितेश मिश्रा पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने पहुंचे अन्य छात्रों और अध्यापकों से भी मारपीट की गई। झड़प में रितेश का सिर फट गया और कई लड़कियां भी घायल हो गईं।
रितेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे एबीवीपी का हाथ है और हमला करने वाले ज्यादातर लोग बाहरी थे।
कॉलेज में गुटबाजी ने बढ़ाई टेंशन
कॉलेज छात्रों का कहना है कि यहां दो गुट दबदबा बनाने के लिए अक्सर भिड़ते रहते हैं। पहले भी कहासुनी और मारपीट होती रही है, लेकिन बुधवार की घटना ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
प्राचार्य का बयान
“दो छात्रों के बीच विवाद को लेकर समझौते के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था। इस बीच एक पक्ष के साथ कुछ बाहरी लोग आए और मारपीट की। घायल छात्र का इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। दोषियों की पहचान कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
— कमल किशोर, प्राचार्य, लॉ कॉलेज धनबाद

