धनबाद। आगामी नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से धनबाद पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया।
पॉलिटेक्निक परिसर को चुनाव संचालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल के रूप में चयनित किया गया है। यहाँ से ईवीएम मशीनों के डिस्पैच और रिसीविंग के साथ-साथ मतगणना कार्य भी संपन्न कराया जाएगा। दोनों पदाधिकारियों ने परिसर में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम, गणना भवन, नियंत्रण कक्ष, प्रवेश मार्ग, निकास द्वार, तथा सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन का सर्वोच्च लक्ष्य नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में कराना है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि मतदान कर्मियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बेहतर लॉजिस्टिक एवं सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा,
“राज्य सरकार के निर्देशानुसार तैयारियां तेज की जा रही हैं। आवश्यकतानुसार दो–तीन संभावित स्थलों का और निरीक्षण किया जाएगा ताकि सबसे बेहतर विकल्प को अंतिम रूप दिया जा सके।”
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने कहा कि पॉलिटेक्निक परिसर को फूल-प्रूफ सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, फायर सेफ्टी सिस्टम, बैरिकेडिंग, वॉच टावर तथा प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था लागू की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संबंधित शाखाओं को निर्देश दिया कि समय-समय पर तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।

