मुंबई। एक तरफ जहां केंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को आठवें वेतन देने की घोषणा की है, वहीं बीएमसी के प्राइवेट प्राइमरी अनुदानित स्कूलों के करीब 4000 कर्मचारियों को अभी तक सातवें वेतन का एरियर प्राप्त नहीं हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएमसी द्वारा अनुदानित प्राथमिक स्कूलों के 4000 कर्मचारी आज भी सातवें वेतन के एरियर का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षक सेना के अध्यक्ष केपी नाईक ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जहां एक तरफ केंद्र सरकार सरकारी कर्मचारियों को आठवें वेतन देने की बात कह रही है वहीं अभी तक अनुदानित प्राथमिक स्कूलों के करीब 4 हजार कर्मचारियों को अभी भी सातवें वेतन का एरियर नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए संगठन द्वारा लगातार उठाई जा रही आवाज की बावजूद मनपा प्रशासन के कानों में जूं नहीं रेंग रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इन कर्मचारियों की बकाया राशि को जल्द नहीं दिया गया तो शिक्षक सेना सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

