जंप का प्रांतीय सम्मेलन संपन्न
मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री ने वरिष्ठ पत्रकारों का किया सम्मान
भोपाल।भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने कहा कि आज की पत्रकारिता केवल समाचार संकलन और प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त स्वर बन चुकी है। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार को अपने पेशेगत दायित्वों के साथ-साथ आजीविका की सुरक्षा और आत्मरक्षा के लिए भी निरंतर संघर्ष करना पड़ता है, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के लिए एक गंभीर चुनौती है।

सिरोंज नगर के अनंतश्री मैरिज गार्डन में आयोजित राज्यस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह एवं कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. जोशी ने स्पष्ट किया कि जब तक मीडिया आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर, कानूनी रूप से सशक्त और सुरक्षा की दृष्टि से संरक्षित नहीं होगा, तब तक पत्रकारिता की स्वतंत्रता अधूरी रहेगी।
कार्यक्रम को जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (JUMP) के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अरुण सक्सेना ने भी संबोधित किया। उन्होंने इसे पत्रकारिता के स्वाभिमान का मंच बताते हुए कहा कि आज सबसे बड़ी आवश्यकता संगठित, सजग और सिद्धांतनिष्ठ पत्रकारिता की है। अन्याय के विरुद्ध सबसे पहले खड़ा होना ही पत्रकार का धर्म और पहचान है।
अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित मप्र सरकार के मंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि को ‘विकास पुरुष’ का तमगा दिलाने में पत्रकारों की निष्पक्ष कलम की निर्णायक भूमिका होती है। उन्होंने JUMP के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के सम्मान और प्रशिक्षण को नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा ने ‘गोदी मीडिया’ जैसे शब्दों पर बेबाक टिप्पणी करते हुए कहा कि जब पत्रकार सत्ता और व्यवस्था से सवाल करता है, तभी उसे लेबल किया जाता है। आरोप लगना इस बात का संकेत है कि पत्रकारिता अपना दायित्व निभा रही है।
इस अवसर पर पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम एक मांगपत्र मंत्री नारायण सिंह पंवार को सौंपा, जिस पर उन्होंने मुख्यमंत्री तक पहुँचाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ।
स्वागत भाषण डॉ. कमल आलोक प्रसाद, आभार रघुवीर प्रजापति ने व्यक्त किया तथा संचालन पवन सक्सेना ने किया। समारोह में प्रदेशभर से आए 50 से अधिक पत्रकारों को सम्मानित किया गया। आयोजन में मध्य प्रदेश के कटनी, टीकमगढ़ ,छतरपुर, पन्ना, गुना, भोपाल, इंदौर ,राजगढ़, देवास, मंदसौर, नीमच, रतलाम,ग्वालियर दतिया ,दमोह से पत्रकारों ने आकर शिरकत की।

