महराजगंज।जहां इस दौर में प्रेम और रिश्तों की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठते हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से आई एक घटना ने सच्चे प्रेम की परिभाषा को फिर से जीवंत कर दिया है। यह हृदयविदारक परंतु भावनाओं से भरी घटना न सिर्फ आंखें नम कर देती है, बल्कि दिल को भी झकझोर देती है।
दरअसल, महराजगंज जनपद में एक युवक की प्रेमिका का आकस्मिक निधन हो गया। परंतु प्रेमी ने उसे अंतिम विदाई देने से पहले ऐसा कुछ कर दिखाया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। उसने अपनी मृत प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी का दर्जा दे दिया। यही नहीं, प्रेमी ने यह संकल्प भी लिया कि वह अब आजीवन अविवाहित रहकर अपनी इस अमर प्रेम कहानी को जीता रहेगा।
यह दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं और हर किसी के जे़हन में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का वो मशहूर डायलॉग गूंजने लगा—
“हम एक बार जीते हैं, एक बार मरते हैं, शादी भी एक बार होती है… और प्यार भी एक बार ही होता है।”
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि सच्चा प्रेम न उम्र देखता है, न जीवन-मरण की सीमाएं। यह घटना उस दौर में आशा की एक किरण है, जब रिश्तों को अक्सर स्वार्थ और मौकापरस्ती से जोड़ा जाने लगा है।
इस मार्मिक प्रेम-प्रसंग ने महराजगंज ही नहीं, पूरे इलाके में लोगों को सच्चे प्रेम की भावना से भर दिया है।

