मेरठ। परतापुर हवाई पट्टी का विस्तार करके यहां से 72 सीटर विमान उड़ाने की योजना पिछले कई साल से परवान नहीं चढ़ पा रही है। एएआइ के हाल ही में शासन को मिले पत्र ने एक बार फिर से मेरठ की जनता के उड़ान के सपने को जिंदा कर दिया है।
एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया (एएआइ) अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार से हवाई अड्डे के लिए आरक्षित की गई 96.14 एकड़ भूमि का अधिग्रहण करके उपलब्ध कराने व विस्तार में आने वाली बाधाओं (बिजली लाइनें आदि) को दूर कराने का आग्रह किया है। जिस पर शासन ने जिला प्रशासन से इस पर होने वाले खर्च की जानकारी मांगी है। जिला प्रशासन नई दरों के मुताबिक यह प्रस्ताव तैयार करने में जुट गया है।
केंद्र सरकार की उड़ान योजना में देशभर के शहरों में उपलब्ध हवाई पट्टी का विस्तार करके शहरों के बीच हवाई यात्रा सेवा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। उसी योजना में मेरठ के परतापुर में उपलब्ध हवाई पट्टी को भी शामिल किया गया था। इस हवाई पट्टी का विस्तार करके यहां से विमान उड़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया से अनुबंध किया था।

