आगरा। जमीन के सरकारी बंटवारे पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर किरावली तहसील में तैनात लेखपाल नारायण दास ने एक लाख रुपये रिश्वत मांगी। रिपोर्ट से पहले 25 हजार रुपये देने के लिए कहा। सेवानिवृत्त शिक्षक की शिकायत पर शनिवार दोपहर एंटी करप्शन की टीम ने जाल बिछाकर लेखपाल को रंगेहाथों दबोच लिया।
आरोपित के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। साथ ही जानकारी तहसील और जिला प्रशासन के अफसरों को दी गई है। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई। किरावली तहसील के गांव रायभा में रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक रामचरण सिंह और उनके भाइयों के बीच जमीन का सरकारी बंटवारा हो रहा है।
अटूस गांव में रहने वाले क्षेत्रीय लेखपाल नारायण दास की रिपोर्ट लगनी थी। पीड़ित के अनुसार लेखपाल ने रिपोर्ट लगाने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत मांगी। पहले 25 हजार और फिर बाद में 75 हजार रुपये देने देने की बात तय हुई। पीड़ित की ओर से मामले की शिकायत एंटी करप्शन से की गई। एंटी करेप्शन टीम ने लेखपाल को रंगेहाथों गिरफ्तार करने की योजना बनाई।

