हिमालय की गोंद में बसा उत्तराखंड भूमंडल की सबसे पवित्र भूमि है– मनोज धामा
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी नगर पालिका क्षेत्र के रामपार्क विस्तार स्थित शिव मंदिर प्रांगण में रविवार को उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्राता समिति के तत्वावधान में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और भव्य स्तर पर मनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज धामा का समिति पदाधिकारियों ने फूलमालाएं, ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।
जनसमूह को संबोधित करते हुए मनोज धामा ने कहा, हिमालय की गोंद में बसा “उत्तराखंड हमारी देवभूमि होने के नाते भूममंडल की सबसे पवित्र भूमि है। गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, हरिद्वार, ऋषिकेश, धारी देवी, गोल्ज्यू जैसे अनगिनत तीर्थ स्थल यहां विराजमान हैं। करोड़ों श्रद्धालु हर साल इन पवित्र स्थलों के दर्शन को आते हैं। उत्तराखंड की संस्कृति, शांति, अतिथि सत्कार और स्वादिष्ट भोजन विश्व प्रसिद्ध हैं। लोनी में बड़ी संख्या में उत्तराखंडी भाई-बहन रहते हैं, यह हम सभी लोनीवासियों का सौभाग्य है कि हमें उनकी संस्कृति को इतने नजदीक से देखने-समझने का अवसर मिलता है।”
कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने उत्तराखंडी लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी सभी ने खूब तारीफ की। मनोज धामा ने सभी प्रतिभागी बच्चों को अपने हाथों से मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में समिति पदाधिकारियों ने मनोज धामा को स्मृति चिन्ह, पटका और पारंपरिक उत्तराखंडी टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष जयेन्द्र नेगी, उपाध्यक्ष ठाकुर सिंह राणा, महासचिव यशपाल नेगी, राजेंद्र सिंह रावत, शंकर सिंह बिष्ट, संतोष चौहान, देवेंद्र नेगी, हरेंद्र पटवाल, मोहन सिंह बिष्ट, तोताराम भंडारी, कपिल मलिक सहित हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम देर रात तक चला और उत्तराखंडी गीत-संगीत व लोक नृत्यों से पूरा पांडाल गूंजता रहा।

