* लेदुका बाजार में सात दिवसीय मानस कथा के पांचवे दिन उमड़ी भीड़
विवेक कुमार उपाध्याय (अखंड राष्ट्र)
नौपेड़वा(जौनपुर) बक्शा विकास खण्ड के लेदुका बाजार में स्थित श्रीराम जानकी मंदिर के परिसर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं श्रीराम कथा के पांचवे सोमवार को रात्रि वाराणसी से पधारे मानस कोविद डॉ. मदन मोहन मिश्र ने कहा कि श्रीकृष्ण ने गोवर्धन की पूजा कर कुरीतियों का विनाश किया। कन्हैया ने इन्द्र का मान मर्दन करते हुए गोर्वधन पूजन कर बताया कि हमें कुरीतियों को परंपरा के नाम पर ढोना नहीं चाहिए बल्कि प्रगति वादी बनकर अच्छी परंपरा का सृजन करना चाहिए। सात दिवसीय मानस कथा के पांचवे दिन सैकड़ो भक्तों की भीड़ ने कथा का रसपान किया। उन्होंने कहा कि परंपरा के नाम पर धोखा देने वाले को भगवान देखना भी नहीं चाहते। डॉ. मिश्र ने पूतना उद्धार की कथा सुनाते हुए कहा कि पूतना दूध के बहाने जहर पिलाना चाहती थी फिर भी श्रीकृष्ण ने उसका उद्धार किया। राजा बलि के समर्पण से प्रसन्न भगवान वामन अति प्रसन्न हुए। उन्होंने कहा कि शुक्राचार्य ने राजा बलि को दान करने से रोका जिस कारण उनकी वैराग्य की एक आंख चली गयी। वाराणसी से पधारी मानस कोकिला डॉ. सुधा पाण्डेय ने श्रीराम जन्म प्रसंग की कथा व अयोध्या वासियों की चर्चा कर लोगो को मंत्र मुग्ध कर दिया l इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजक राजनाथ सेठ ने कथा वाचकों को माल्यापर्ण किया।

