जौनपुर। जिले में विभिन्न स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार युवक व महिला की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों काे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार नेवढ़िया थाना क्षेत्र के कनऊ खास निवासी 28 वर्षीय ज्ञान प्रकाश यादव केराकत के समोगरपुर निवासी अपने मित्र 22 वर्षीय लालू यादव के साथ गुरुवार की शाम बाइक से सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मल्हनी बाजार में अपने किसी मित्र के घर दावत में आए थे। लौटते समय रात लगभग 11 बजे मल्हनी-जौनपुर मार्ग पर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के ही पाल्हामऊ गांव के पास पहुंचे तो विपरीत दिशा से आ रही कार की तेज रोशनी से अनियंत्रित होकर बाइक सहित सड़क किनारे खड्ड में गिर गए। चीख-पुकार सुनकर जुटे आसपास के ग्रामीणों ने बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहां डाक्टरों ने ज्ञान प्रकाश को देखते ही मृत घोषित कर दिया। लालू यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। खबर पाकर हताहत युवकों के स्वजन आ गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की।उधर, मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कटाहित खास गांव निवासी राहुल वनवासी अपनी 28 वर्षीय पत्नी रेशमी देवी के साथ शुक्रवार को बाइक से किसी कार्य से तेजी बाजार आए थे। दोपहर लगभग एक बजे घर लौटते समय तेजी बाजार थाना के राजेपुर गांव के पास सड़क पर खड़ी पिकअप के खुले गेट से टकरा जाने से बाइक सवार दंपती गिर गए। पीछे से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर कुचल जाने से ने रेशमी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष तेजी बाजार दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की गई। एक अन्य हादसा जफराबाद थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के पास हुआ।जलालपुर क्षेत्र रामदत्तपुर निवासी अजय चौहान, श्यामराज चौहान व संतोष चौहान बाइक से बेलांव की तरफ से घर लौट रहे थे। शिवपुर में नहर पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे मैजिक वाहन से टक्कर हो गई। तीनों बाइक सहित गिरने से गंभीर रूप से चोटिल हो गए। पुलिस ने मैजिक चालक ग्रेटर नोएडा दादरी गाजियाबाद निवासी सागर कुमार को वाहन सहित पकड़ लिया।

