एटा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के उददनपुर रामनगर गांव में समाजवादी पार्टी (सपा) नेता रामसेवक पहलवान और उनके भाई सत्यवीर पर गांव के ही राकेश पर फावड़े से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है।घटना की तहरीर घायल के भाई ओम प्रकाश ने थाने में दी है हमले में घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे मैडिकल कालेज से प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की तहरीर पर रामसेवक पहलवान और सत्यवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रविवार रात 10 बजे पुलिस ने सपा नेता रामसेवक पहलवान को भारी पुलिस बल के साथ छापामार कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई सत्यवीर अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
इस मामले में सपा नेता रामसेवक पहलवान का कहना है कि मुझे अभी तक नहीं पता कि पुलिस मुझे किस आरोप मुकद्दमे में जेल भेज रहीहै उन्होंने कहा कि निधौलीकलां थाना क्षेत्र के चंद्रभानपुर में पुलिस मारपीट से किशोर की मौत का मुद्दा उठाना उन्हें भारी पड़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि रात 10 बजे उनकी गिरफ्तारी की गई, जबकि इस झगड़े से उनका कोई लेना-देना नहीं है और न ही वे मौके पर मौजूद थे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझ पर फर्जी मुकदमा लिखकर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने मेरे साथ आतंकवादियों जैसा सलूक किया।’’
रामसेवक का दावा है कि वे केवल समाज के हक में और पुलिस अत्याचार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे, इसी कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उधर, थानाध्यक्ष कोतवाली देहात जितेंद्र गौतम से इस मामले पर पक्ष लेने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

