लखनऊ, 15 सितंबर 2025: उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाओं के महानिदेशक ने आज लखनऊ स्थित कारागार मुख्यालय में हैदराबाद में आयोजित सातवीं ऑल इंडिया प्रिजन ड्यूटी मीट-2025 के पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया। 9 से 11 सितंबर तक चली इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक (1 स्वर्ण, 1 रजत, 5 कांस्य) जीतकर 12वां स्थान हासिल किया, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
प्रमुख उपलब्धियों में मोना भारती ने कराटे (50 किग्रा) में स्वर्ण, सौरभ श्रीवास्तव और सुकन्या पाराशर ने कंप्यूटर व टेक्नोलॉजी में रजत, तथा शरेंदु कुमार त्रिपाठी, रवि आनंद और पवन सिंह ने वन मिनट ड्रिल में कांस्य पदक जीता। अन्य कांस्य पदक जेल नियमावली (पी.एन. पांडेय, रवि आनंद), ड्रामा (पूजा, करिश्मा, अमित दुबे, अभिनव मिश्रा, विजय बाजपेई), पुरुष ऊँची कूद (विजय कुमार) और गायन (प्रशांत शुक्ला) में मिले।
महानिदेशक ने इस उपलब्धि को विभाग की मेहनत और अनुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह में अपर महानिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपमहानिरीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य, प्रदीप गुप्ता, डॉ. रामधनी, पी.एन. पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


