जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह बात भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही। इस कार्यशाला का आयोजन मोदी सरकार की 10 साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया था।
कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीति से बना आत्मनिर्भर भारत’
मुख्य अतिथि अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों के चलते देश ने बीते एक दशक में ऐतिहासिक प्रगति की है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह उपलब्धि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण जैसे मूल मंत्रों की बदौलत संभव हो पाई है।
उन्होंने बताया कि 9 जून से 21 जून तक ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान चलेगा, जिसमें विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके तहत मंडलों पर “विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन होगा, जिसमें भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए संकल्प लिया जाएगा। साथ ही मोहल्ला चौपाल, ग्राम पंचायत स्तर पर जन संवाद, लाभार्थी पंजीकरण शिविर और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
योग दिवस से लेकर डिजिटल प्रतियोगिता तक, होंगे बहुआयामी आयोजन
कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों का पूरा रोडमैप प्रस्तुत किया गया।
9 जून से 9 जुलाई तक ‘बदलता भारत, मेरा अनुभव’ नामक डिजिटल प्रतियोगिता चलाई जाएगी।
11-12 जून को जिले में प्रेस वार्ता और प्रबुद्ध जन समागम होगा।
13 से 15 जून तक मंडल स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
16 से 18 जून के बीच शक्ति केंद्र स्तर पर आयोजन होंगे।
19 से 21 जून तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।
चौरसिया ने यह भी बताया कि आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर भी विशेष कार्यक्रम होंगे और “ऑपरेशन सिंदूर” का जिक्र करते हुए देश की रक्षा और सुरक्षा के मुद्दों को भी जन संवाद में शामिल किया जाएगा।
पुष्पराज सिंह बोले – हर कार्यकर्ता बनेगा अभियान का संवाहक
जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने बताया कि संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत हर मंडल, शक्ति केंद्र और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जा चुकी है। पार्टी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता को देंगे और लाभार्थियों के पंजीकरण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामूहिक प्रयास कर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा ने किया और वृत्त विवरण सुरेंद्र कुमार सिंघानिया ने प्रस्तुत किया। कार्यशाला में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, कार्यक्रम संयोजक व सह-संयोजक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

