एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आगरा रोड स्थित एटा-आगरा मार्ग पर मोती गैस गोदाम के पास अवैध रूप से कब्जा करने पहुंचे भू-माफियाओं की टीम में से एक युवक को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पूंठ निवासी पीड़ित मेघ सिंह ने बताया कि शुक्रवार प्रातः उन्हें सूचना मिली कि कुछ दबंग लोग उनके निजी स्वामित्व वाली भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर रहे हैं। आरोप है कि भू-माफिया नाजिम सिंह, रविन्द्र सिंह उर्फ टिंकल सहित अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उक्त भूमि पर ईंटें मंगाकर निर्माण कार्य प्रारंभ कर चुके थे तथा टीन शेड भी डलवाने का प्रयास कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित द्वारा थाना कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक को सूचना दी गई। तत्पश्चात थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख अवैध निर्माण करा रहे अधिकतर लोग मौके से भाग निकले, किंतु एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रामू पुत्र खेमकरण निवासी नगला खेम करन एका, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर अमित कुमार ने बताया कि उन्हें अवैध कब्जे की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
पीड़ित मेघ सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि मेरी जमीन पर अभी भी कब्जा करने के लिए लय गया समान जैसी ईंटें, सीमेंट व चंबल आदी पड़ी है प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि आगे भी मेरी भूमि पर चोरी छिपे कब्जा करने का प्रयास न हो, भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचाव हेतु सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

