शाहगंज | क्षेत्र के एक गांव में दसवीं कक्षा की एक छात्रा से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने आज एक मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता के मुताबिक स्कूल से घर लौटते समय गांव के ही एक युवक ने सुनसान जगह पर उसका दुपट्टा खींचकर छेड़खानी की। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता एक इंटर कॉलेज में दसवीं की छात्रा है। रोज की तरह 9 जुलाई को वह स्कूल से घर लौट रही थी। इसी समय सरकारी ट्यूबवेल के पास पहले से मौजूद सूरज नामक युवक ने उसे अकेला देखकर छेड़खानी की। आरोप है कि युवक पहले भी उसे अकेले देखकर फब्तियां कसता था। इस बार उसने उसका दुपट्टा खींचा और जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट की। छात्रा के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। यह देख युवक भाग गया। घटना से डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने थाने में तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

