जौनपुर के उमरपुर में अशोक नगर कॉलोनी में बीती रात करंट की चपेट में आने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को बार-बार फोन किया, लेकिन कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे इलाके में आक्रोश फैल गया है। मृत गाय की लाश अभी तक सड़क पर पड़ी है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
जब नगर पालिका कर्मचारियों से लाश हटाने की मांग की गई, तो उन्होंने बिजली कटने तक असमर्थता जताई, क्योंकि करंट का खतरा बना हुआ है। बिजली विभाग और नगर पालिका की इस खींचतान ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों विभागों की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, और कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। लोगों में यह डर है कि ऐसी लापरवाही से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है।

