*सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े*
केराकत (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र में एक पुलिस दरोगा का विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सरायबीरू कस्बा पुलिस चौकी के पास का यह मामला है। कस्बा चौकी प्रभारी धनुषधारी पाण्डेय ने दो युवकों को सार्वजनिक स्थान पर थप्पड़ मारे। घटना उस समय हुई जब दो युवक आपस में गाली-गलौज और हाथापाई कर रहे थे। चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को पकड़कर थप्पड़ मारने लगे।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दरोगा को युवकों को गालियां देते हुए भी सुना जा सकता है। यह घटना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। इस विषय पर सीओ केराकत अजीत कुमार रजक ने बताया कि ये वीडियो दो दिन पुराना है।
बुधवार की शाम को केराकत चौराहे के पास दो युवक आपस में मारपीट व गाली गलौज कर रहे थे। दरोगा धनुष धारी पांडेय सूचना पर मौके पर पहुंचे हैं। वो घटना स्थल पर अकेले थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उन्होंने हल्का बल का प्रयोग किया था। जिसमें दोनों युवकों का धारा 151 में चालान किया गया है।

