सड़क हादसे में दिखाई तत्परता बनी मिसाल, चयन होने पर 25 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र से होंगे सम्मानित
सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)
मुंगराबादशाहपुर जौनपुर- डीआरएम पब्लिक स्कूल की वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद घायल बच्चों की जान बचाने और उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले राजीव कुमार पुत्र स्व. भोला नाथ, निवासी उजनी के साहस और मानवीय संवेदना को पुलिस विभाग ने सराहा है। उनका नाम ‘राहवीर योजना’ के तहत प्रस्तावित किया जाएगा। योजना के तहत चयन होने पर पुलिस विभाग की ओर से उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने बताया कि योजना में चयन के बाद राजीव कुमार को प्रशस्ति पत्र के साथ 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के समय राजीव कुमार ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ उन्हें अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बताया गया कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद राजीव कुमार की तत्परता से घायल बच्चों को समय रहते चिकित्सकीय उपचार मिल सका। उनकी इस मानवीय पहल की क्षेत्र में भी सराहना हो रही है। क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान कई लोग पुलिस कार्रवाई या कानूनी प्रक्रिया के डर से घायलों की मदद करने से पीछे हट जाते हैं। राहवीर योजना का उद्देश्य ऐसे लोगों के मन से भय दूर करना और आम नागरिकों को दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि राजीव कुमार ने जिस संवेदनशीलता, साहस और तत्परता का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। दुर्घटना के समय किसी की जिंदगी बचाने के लिए आगे आना न केवल मानवीय कर्तव्य है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी उदाहरण है। राजीव कुमार का सम्मान समाज में ‘मदद करने की हिम्मत’ को बढ़ावा देने वाली एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
