मुंबई। मुख्याध्यापक समेत प्रशिक्षित शिक्षकों के पदोन्नति व दिव्यांग शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारियों को पदोन्नति में वर्ष 2016 से पूर्वलक्षी प्रभाव से आरक्षण का लाभ प्रदान करने तथा काल्पनिक पद्धति (Notional Basis) से पदोन्नति एवं उससे संबंधित लाभ देने की मांग को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका के शिक्षणाधिकारी किर्तीवर्धन किरतकुडवे से शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर एक निवेदन सौंपा।
इस अवसर पर उपशिक्षणाधिकारी मुख्तार शाह व किशन केंकरे, तथा शिक्षक सेना के उपाध्यक्ष प्रवीण यादव, सुखलाल बरई के साथ कल्पेश देसाई, चतुर गल्हाटे, किशोर कोल्टे, दत्तात्रय गोले, कैलाश भरोसे व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशिक्षित शिक्षकों, दिव्यांग शिक्षक एवं कर्मचारियों की पदोन्नति से संबंधित विषय पर सकारात्मक एवं नियमानुसार कार्यवाही करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर दिव्यांग कर्मचारियों के सेवा अधिकारों एवं पदोन्नति में आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से रखा गया। शिक्षणाधिकारी किर्तीवर्धन किरतकुडवे ने इस विषय पर यथोचित सकारात्मक पहल की बात कही।


