मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार के हाथों सदगुरु को ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026’ पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार समारोह के दौरान, मंच पर मुख्यमंत्री फडणवीस के साथ बातचीत करते हुए, सदगुरु ने महाराष्ट्र में बार-बार आने वाले जल संकट के दीर्घकालिक समाधान के रूप में “पेड़-आधारित कृषि” का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने सदगुरु और ईशा फाउंडेशन के साथ मिलकर काम करने और इस दृष्टिकोण को राज्य के जल संरक्षण कार्यक्रम में शामिल करने की इच्छा जताई। यह बताते हुए कि भारत पानी के लिए लगभग पूरी तरह से मानसून पर निर्भर है, सदगुरु ने कहा कि ध्यान जलाशयों में पानी जमा करने के बजाय, पानी को रोके रखने की मिट्टी की क्षमता को बहाल करने पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, नदियां और झीलें मिट्टी से ही निकलती हैं। तो, अगर पानी को मिट्टी में थामे रखना है, तो वहां पेड़-पौधे होने चाहिए। वरना, भारी बारिश और बाढ़ आएगी, और उसके तीन महीने के भीतर ही सूखे की स्थिति पैदा हुई है। सदगुरु ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
से आग्रह किया कि वे ‘वृक्ष-आधारित कृषि’ के जरिए खेतों में फिर से पेड़ लाएं। उन्होंने समझाया कि पारंपरिक फसलों के साथ पेड़ लगाने से मिट्टी की सेहत, पानी को रोके रखने की क्षमता और किसानों की आय में काफी सुधार हो सकता है, और इसके लिए किसानों को अपनी मौजूदा फसलों को छोड़ने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। ‘सेव सॉइल’ और ‘कावेरी कॉलिंग’ के तहत ईशा फाउंडेशन के काम का उदाहरण देते हुए, सदगुरु ने बताया कि तमिलनाडु और कर्नाटक में जो किसान वृक्ष-आधारित कृषि अपना रहे हैं, उनकी आय में 6 से 8 वर्षों में 300% से 800% तक की वृद्धि हुई है। साथ ही, उनके खेत की मिट्टी में जैविक तत्वों और पानी को रोके रखने की क्षमता में भी काफी सुधार देखा गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल बड़ी संख्या में पेड़ लगा देना ही काफी नहीं है; इसके पूरे लाभ पाने के लिए वृक्ष-आधारित कृषि को वैज्ञानिक तरीके से लागू करने की जरूरत है। सदगुरु के प्रस्ताव पर रेस्पॉन्ड करते हुए, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने ‘जलयुक्त शिवार 3.0’ कार्यक्रम में खेतों में पेड़ लगाना शामिल करेगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूरे महाराष्ट्र में जल संरक्षण को मजबूत करना है। उन्होंने मिट्टी के संरक्षण और भूजल को रिचार्ज करने के लिए खेतों की सीमाओं पर पेड़ लगाने के महत्व को स्वीकार किया। साथ ही, उन्होंने सदगुरु के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई और कहा कि राज्य सरकार ईशा फाउंडेशन द्वारा पहले से अपनाए जा रहे तौर-तरीकों को सीखने के लिए अपनी टीम भेजेगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया, कि हम आपके साथ मिलकर भी काम करेंगे, क्योंकि आप न केवल इसकी वकालत कर रहे हैं, बल्कि इसे खुद अमल में भी ला रहे हैं। तो, हम उन सभी तरीकों का लाभ उठाएंगे जो पहले से ही लागू हैं। हम अपनी टीम भी आपके पास भेजेंगे। इस बातचीत में कई विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें युवाओं के बीच तनाव, राजनीतिक नेतृत्व और शासन-प्रशासन जैसे मुद्दे शामिल थे। बातचीत के दौरान, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदगुरु से पूछा कि अगर उन्हें समय में पीछे जाकर इतिहास की किसी हस्ती से मिलने का मौका मिले, तो वे किसके साथ एक शाम बिताना चाहेंगे। सदगुरु ने छत्रपति शिवाजी महाराज को चुना और बताया कि उन्होंन हाल ही में उनके जीवन पर आधारित एक किताब पढ़ी है। कठिन परिस्थितियों में भी भौगोलिक स्थितियों, लोगों और प्रशासन को संभालने की छत्रपति शिवाजी महाराज की क्षमता की तारीफ करते हुए, सदगुरु ने उनके भीतर मौजूद उच्च सभ्यता और महिलाओं के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जीते गए क्षेत्रों में भी शिवाजी महाराज महिलाओं के साथ बहुत सम्मान से पेश आते थे जो 17वीं सदी के दौर में एक दुर्लभ गुण था। सदगुरु ने कहा कि, हालांकि वे एक योद्धा थे और उन्हें युद्ध में लोगों को मारना पड़ता था, फिर भी उनमें बहुत उच्च आतंरिक सभ्यता थी। उन्होंने आगे कहा कि वे निश्चित रूप से शिवाजी महाराज से मिलना चाहेंगे। इस पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता शाहरुख खान, रणवीर सिंह, सुनील शेट्टी, बोमन ईरानी और विक्रांत मैसी के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, JSW ग्रुप के प्रबंध निदेशक सज्जन जिंदल और उद्योगपति अनंत अंबानी भी शामिल हुए।

