संगठन विस्तार पर मंथन
संभल। वर्ल्ड पीस हार्मनी युवा विंग के अध्यक्ष हमजा सैफी के प्रथम संभल आगमन पर संगठन के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नगर में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत-अभिनंदन किया।
इस अवसर पर वर्ल्ड पीस हार्मनी के चेयरमैन शकील सैफी विशेष रूप से मौजूद रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
संभल दौरे के दौरान हमजा सैफी ने संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में युवा विंग को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने और संस्था के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर रणनीति बनी।
हमजा सैफी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ल्ड पीस हार्मनी का मूल उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव, आपसी भाईचारे और मानवीय मूल्यों को सशक्त करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए स्नेह और सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन सामाजिक एकता और सौहार्द के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान मरहूम फैज सैफी की मगफिरत के लिए विशेष दुआ का आयोजन भी किया गया। उपस्थित लोगों ने मरहूम को याद करते हुए अल्लाह से जन्नत में आला मुकाम और मगफिरत की दुआ की।
यह स्वागत कार्यक्रम संगठन की एकजुटता और आपसी जुड़ाव का प्रतीक बन गया। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सद्भाव के संदेश को व्यापक स्तर पर ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।


