नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। शनिवार को मीडिया से बात करते हुए संजय सिंह ने दावा किया कि पूरे देश में SIR के नाम पर 13.37 करोड़ वोट चुराए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन की महारैली से AAP के अलग रहने का ऐलान कर दिया।
“केजरीवाल के इलाके में कटे 40 हजार वोट, रद्द हों चुनाव”—संजय सिंह
संजय सिंह ने मांग की कि पूरे देश में SIR प्रक्रिया को तुरंत रद्द किया जाए और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देकर जेल जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र में ही 40,000 वोट काट दिए गए। सिंह ने दिल्ली और पश्चिम बंगाल के चुनाव रद्द करने के साथ-साथ बिहार, हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी दोबारा चुनाव कराने की मांग की। ‘इंडिया’ गठबंधन की 1 नवंबर की रैली में शामिल होने के सवाल पर संजय सिंह ने साफ किया कि AAP इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है, इसलिए वे रैली में भाग नहीं लेंगे।
“बैलेट पेपर आते ही घट जाती है पीएम की लोकप्रियता”
ईवीएम बनाम बैलेट पेपर की बहस पर चुटकी लेते हुए AAP सांसद ने कहा, “जहां भी बैलेट पेपर से चुनाव होते हैं, वहां प्रधानमंत्री की लोकप्रियता खत्म हो जाती है। लेकिन जैसे ही चुनाव EVM से होते हैं, पीएम अचानक ईवीएम में लोकप्रिय हो जाते हैं।” उन्होंने पूरे देश में बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई।
यह भी पढ़ें: Punjab Election 2027: AAP की पहली सूची जारी, जेल में बंद मंत्री को भी मिला टिकट


