जौनपुर। थाना जलालपुर पुलिस व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने फरार चल रहे 25000 के इनामी गैंग्स्टर एक्ट के आरोपित लक्ष्मण बिंद को रविवार को मिले सुराग पर धर दबोचा।थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह व सर्विलांस सेल की टीम ने साझा कार्रवाई के दौरान मिले सुराग पर बिहार प्रांत के कैमूर जनपद के रामगढ़ थाना क्षेत्र के छेउरी गांव निवासी वांछित लक्ष्मण बिंद को वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज टोल प्लाजा के पास से धर दबोचा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में सर्विलांस सेल के प्रभारी निरीक्षक मनोज ठाकुर, थाने के एसएसआइ तारकेश्वर राय, हेड कांस्टेबल अखिलेश सिंह, चंदन सिंह, हरि शंकर कुमार व सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल संजय प्रसाद व सूरज सिंह रहे। पुलिस उपाधीक्षक केराकत अजीत कुमार रजक ने बताया लक्ष्मण बिंद के विरुद्ध वर्ष 2023 में जलालपुर थाने में गो-वध व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2024 में उसके विरुद्ध गैंग्स्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। तभी से फरार चल रहे लक्ष्मण बिंद पर एसपी ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। आवश्यक लिखापढ़ी कर चालान कर दिया गया।

