जौनपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर अदिति मनोविकास केंद्र, जौनपुर द्वारा बच्चों, माताओं और परिवारों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, सकारात्मक पारिवारिक वातावरण तथा बच्चों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं केंद्र की संस्थापक डॉ. साधना मौर्या,मनोवैज्ञानिक ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य का अभिन्न अंग है। तनाव, चिंता, अवसाद तथा भावनात्मक समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर मनोवैज्ञानिक परामर्श लेना चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं किसी भी उम्र के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने विशेष रूप से न्यूरोटिपिकल बच्चों और उनकी माताओं के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बच्चों का भावनात्मक विकास पारिवारिक वातावरण, माता-पिता के व्यवहार और आपसी संबंधों से गहराई से प्रभावित होता है। बच्चों की परवरिश के दौरान माताओं पर कई जिम्मेदारियां और मानसिक दबाव होते हैं। इसलिए माताओं के लिए भी अपने मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना, तनाव का प्रबंधन करना और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ की सहायता लेना जरूरी है। कार्यक्रम में माता-पिता को बच्चों की भावनाओं को समझने, उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनने और उनके साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, बच्चों के पालन-पोषण में प्रेम, अनुशासन और सहयोग के बीच संतुलन बनाए रखने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों को साझा करने पर जोर दिया गया, ताकि परिवार का जीवन अधिक सहज और तनावमुक्त बन सके। इस अवसर पर अपने मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और आस-पड़ोस के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और जरूरतमंद लोगों को सहयोग देने के महत्व पर भी चर्चा की गई। डॉ. मौर्या ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को कमजोरी या सामाजिक कलंक के रूप में नहीं देखना चाहिए। समय पर उचित मार्गदर्शन, भावनात्मक सहयोग और मनोवैज्ञानिक परामर्श से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था कि स्वस्थ बच्चा, सशक्त माता-पिता, सहयोगी परिवार और संवेदनशील समाज ही बेहतर मानसिक स्वास्थ्य की आधारशिला हैं।
अदिति मनोविकास केंद्र, जौनपुर द्वारा जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

अपनी भाषा चुने।
You Might Also Like
Leave a Comment
Recent Posts
- महावीर सिंह वीर के सम्मान में आयोजित हुई कविगोष्ठी
- श्रीराम कथा के प्रचार-प्रसार के लिए जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने प्रचार गाड़ी को किया रवाना
- राजपुरोहित समाज एवं छत्तीस कौम की तरफ से एड.रवि व्यास का सम्मान
- अदिति मनोविकास केंद्र, जौनपुर द्वारा जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
- राहुल गांधी का नया आह्वान: “ये वो भारत नहीं जो हम चाहते हैं” – सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च
