धनबाद के बलियापुर इलाके में शुक्रवार शाम अखाड़ा कार्यक्रम के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए। बाइक जुलूस के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया।
जानकारी के अनुसार, अखाड़ा दल के सदस्य झंडे के साथ बाइक जुलूस निकालते हुए हीरक चौक पहुंचे थे। वहां से लौटते समय भीखराजपुर के पास कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान माहौल बिगड़ा और कुछ ही देर में पत्थरबाजी शुरू हो गई।
माहौल बिगड़ते ही मची अफरातफरी
पत्थरबाजी की सूचना जैसे ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंची, वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में लोग मौके की ओर बढ़ने लगे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आयोजन स्थल पर चल रहा कार्यक्रम तत्काल रोकना पड़ा।
पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। हालात काबू में नहीं आने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ पत्रकार भी शामिल बताए जा रहे हैं।
इलाके में सुरक्षा कड़ी
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन प्रभावित इलाके में निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी है। बाजार चौक से भीखराजपुर तक पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और लगातार गश्त की जा रही है।
प्रशासन की अपील
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने को कहा गया है।
स्थानीय चिंता बढ़ी
इस घटना के बाद क्षेत्र में फिर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदनशील मौकों पर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

