छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट! पम्पू तालाब घाट का डीसी और एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक दिए सख्त निर्देश
वरीय संवाददाता कृष्णा कुमार नोनिया | अखंड राष्ट्र
धनबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में शुक्रवार, 13 नवंबर को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पम्पू तालाब छठ घाट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाट परिसर की साफ-सफाई, संपर्क मार्गों की मरम्मत, समतलीकरण और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से तालाब के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने और खतरे के निशान प्रदर्शित करने को कहा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की टीम तैनात रखने का भी निर्देश दिया गया।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने छठ घाट पर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पार्किंग स्थल चिह्नित करने और भीड़भाड़ वाले रास्तों पर जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए लगातार पुलिस गश्ती करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील
उपायुक्त ने आम नागरिकों और छठ व्रतियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मना सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी समेत जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


