धनबाद | 21 मार्च 2026
ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। डीसी सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार एवं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद के संयुक्त आदेश पर जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है।
प्रशासन ने पूरे जिले को सात जोनों—कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर एवं टुंडी—में विभाजित किया है। प्रत्येक जोन में जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है, जबकि सभी थाना एवं ओपी में दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल मौजूद रहेगा। साथ ही चलंत दस्ता (मोबाइल पेट्रोलिंग) और क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी सक्रिय रखा गया है।
ईद के दौरान 21 मार्च सुबह 6 बजे से 22 मार्च सुबह 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय रहेगा। नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी एसडीओ लोकेश बारंगे को दी गई है, जबकि डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार पुलिस व्यवस्था की निगरानी करेंगे। आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0326-2311807 और 112 जारी किया गया है।
44 थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी
जिले के 44 संवेदनशील थाना क्षेत्रों—जैसे लोयाबाद, जोगता, बाघमारा, निरसा, चिरकुंडा, तोपचांची, धनबाद, बैंक मोड़, झरिया, सिंदरी, बलियापुर, गोविंदपुर, कतरास, टुंडी आदि—में प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और लगातार गश्ती व्यवस्था लागू की गई है।
सोशल मीडिया पर भी सख्ती
ईद के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय है और किसी भी अफवाह या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही राजपत्रित अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी गई है।
जरूरी सेवाओं पर भी फोकस
प्रशासन ने पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था समेत अन्य जरूरी सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि ईद के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रशासन ने आम जनता से शांति, भाईचारा और सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि ईद का त्योहार पूरे जिले में सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।

