जौनपुर / शाहगंज
थाना शाहगंज में अनोखी पहल, छात्राओं में जगा आत्मविश्वास और नेतृत्व का भाव
शाहगंज, जौनपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना शाहगंज में गुरुवार को एक प्रेरणादायक और प्रशंसनीय पहल देखने को मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह के नेतृत्व में महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, शाहगंज की कक्षा 8 की मेधावी छात्रा कु0 अमृता को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन के लिए थाना शाहगंज का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने खुद कराया भ्रमण
थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने प्रतीकात्मक प्रभारी निरीक्षक कु0 अमृता को पूरे सम्मान के साथ कार्यभार ग्रहण कराया और थाना परिसर का भ्रमण कराया। कु0 अमृता ने महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना और हवालात का निरीक्षण किया और पुलिस की कार्यप्रणाली, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया और जनसुनवाई के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान एक दिन की थाना प्रभारी बनीं कु0 अमृता ने थाने पर आए फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं। जनसुनवाई में एक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अभियोग पंजीकृत करने का निर्देश दिया, जिसके क्रम में थाना शाहगंज पर मु0अ0सं0 361/2026 धारा 316(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
छात्रा के इस आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता की थाना प्रभारी दिनेश सिंह सहित समस्त स्टाफ ने सराहना की।
पारिवारिक विवादों में भी थाना शाहगंज की सराहनीय पहल
इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी दिनेश सिंह के प्रयास से एक और मानवीय पहल की गई। पारिवारिक विवादों के चलते अलग रह रहे दंपतियों की काउंसलिंग कर आपसी सुलह-समझौता कराया गया। पुलिस की समझाइश के बाद दंपति फिर से साथ रहने को तैयार हुए। थाना प्रभारी ने उन्हें आपसी विश्वास, प्रेम और सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करने की प्रेरणा दी और सुखी दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
थाना शाहगंज की इस पहल की क्षेत्र में खूब चर्चा और प्रशंसा हो रही है। मिशन शक्ति को जमीन पर उतारने में थाना प्रभारी दिनेश सिंह का यह प्रयास बालिकाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गया है।


