लखनऊ। हजरतगंज पुलिस ने प्रॉपर्टी हड़पने के उद्देश्य से मदरसा संचालक इरफान अहमद की हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए गिरोह के सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी तय की थी
जांच के दौरान सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास से मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। चोरी की बाइक से रेकी कर रहे मो. शाहिद और मो. जमीर को पुलिस ने अवैध पिस्टल और पांच कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अमन कुरैशी से सुपारी मिलने की बात बताई।
पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से अमन कुरैशी को लक्ष्मण मेला पार्क से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद साजिश में शामिल सोहैल अहमद सिद्दीकी, मो. फरहान सिद्दीकी और बिलाल हाशमी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बिलाल हाशमी मदरसा जामिया अलनूर अल सलामिया का मैनेजर होने के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और उसे इरफान अहमद की संपत्तियों की जानकारी थी। आरोप है कि संपत्ति पर कब्जा करने के उद्देश्य से हत्या की योजना बनाई गई थी।

