बदलापुर (जौनपुर)। जौनपुर जिले के बदलापुर तहसील क्षेत्र के बछुआर गांव में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई जा रही नई सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है कि कई जगहों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके चलते गिट्टी और डामर बनते ही निकलने लगा है।
इस खराब गुणवत्ता के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला बताते हुए ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्रामीण नरसिंह तिवारी, रमेश चंद्र, शेष नाथ मिश्र, विवेक पिंटू, गौरीशंकर, कल्लू, पिंटू, पप्पू और दुखरन ने बताया कि इस सड़क परियोजना के लिए 50 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया था। उनका कहना है कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे सड़क इतनी जल्दी खराब हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले पर जूनियर इंजीनियर (जेई) नीरज सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है। विभाग मामले की जांच कर रहा है

