Elon Musk News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता राम माधव ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत कोई “बनाना रिपब्लिक” (अराजक देश) नहीं है और स्पेक्ट्रम आवंटन से जुड़े सभी फैसले पूरी पारदर्शिता के साथ उचित नियमों, कानूनों और प्रक्रियाओं के तहत ही लिए जाएंगे। राम माधव ने यह तीखी प्रतिक्रिया स्पेसएक्स (SpaceX) के प्रमुख एलोन मस्क (Elon Musk) और राहुल गांधी के बीच सोशल मीडिया पर हुई बातचीत के संदर्भ में दी है।
“राहुल गांधी अचानक Elon Musk की सेवा में क्यों जुट गए?”
राम माधव ने राहुल गांधी के बदले हुए रुख पर सवाल उठाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सबसे मजेदार प्रतिक्रिया राहुल गांधी की है। वह हम सबको कहा करते थे कि आप एलोन मस्क के सामने, ट्रंप के सामने सरेंडर कर देते हैं। अब ऐसा क्या हो गया कि वे खुद इतना सरेंडर कर रहे हैं? वे इतने उत्सुक क्यों हैं… यदि एलोन मस्क को कोई परेशानी है?”
उन्होंने आगे कहा कि कुछ महीने पहले तक कांग्रेस के ही जयराम रमेश और उनके सलाहकार यह कह रहे थे कि एलोन मस्क का स्टारलिंक देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। राम माधव ने सवाल किया, “आखिर ऐसा क्या मिला कि पहले जो लोग हम पर आरोप लगा रहे थे, वे अब अचानक एलोन मस्क की सेवा में आगे आ गए हैं? उन्हें ‘सरेंडर गांधी’ क्यों कहा जाने लगा है?”
“UPA सरकार में हुआ था स्पेक्ट्रम का भ्रष्टाचार”
पिछली यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को यह समझना चाहिए कि उनके कार्यकाल में स्पेक्ट्रम को लेकर भारी भ्रष्टाचार हुआ था और स्पेक्ट्रम को मनमाने ढंग से बेचा गया था।
उन्होंने मोदी सरकार का पक्ष रखते हुए जोर देकर कहा, “यह मोदी जी की सरकार है। यहां सब कुछ नियमों, कानूनों और रेगुलेशन के मुताबिक होगा। जिसे भी जो मिलना होगा, वह बिना किसी भेदभाव के तय प्रक्रिया के तहत मिलेगा।”
यह भी पढ़ें: अयोध्या दौरे पर भी राम मंदिर क्यों नहीं जा रहे अखिलेश?
“जियो और एयरटेल भी कतार में”
‘कुलीन वर्ग’ (Oligarchs) वाले तंज पर जवाब देते हुए राम माधव ने कहा, “जिन्हें वे अप्रत्यक्ष रूप से ‘कुलीन’ आदि कह रहे हैं, वे भी स्पेक्ट्रम के आवंटन का इंतजार कर रहे हैं। चाहे वह जियो हो या एयरटेल, वे भी स्टारलिंक के साथ ही कतार में खड़े हैं।”
क्या है पूरा विवाद?
गौरतलब है कि स्पेसएक्स के सीईओ एलोन मस्क ने भारत के बाजार में स्टारलिंक के प्रवेश को लेकर आ रही दिक्कतों को “चिंताजनक” बताया था। मस्क के इस दावे के जवाब में कि स्टारलिंक पांच साल तक नियमों का पालन करने के बाद भी लाइसेंस हासिल करने में असफल रहा है, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा था, “भारत में आपका स्वागत है एलोन। तब तक इंतजार करें जब तक आप दूसरे व्यक्ति को न खोज लें।” इसके जवाब में मस्क ने लिखा था, “शुक्रिया राहुल। यह वास्तव में चिंताजनक है।” इसी राजनीतिक और कॉर्पोरेट बहस के बाद अब बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है।


