*ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे के जरिए होगी मेले की निगरानी*
*बुढ़वा मंगल मेले में सादे ड्रेस में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी- सीओ प्रतिमा वर्मा*
*सलमान रज़ा (अखंड राष्ट्र)*
*मुंगराबादशाहपुर/जौनपुर-* मुंगराबादशाहपुर अंतर्गत गौरैयाडीह गांव स्थित दौलतिया हनुमान मंदिर पर मंगलवार को लगने वाले ऐतिहासिक बुढ़वा मंगल मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है। जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख़्ता इंतजाम किया गया है। मंदिर परिसर व लगने वाले मेला स्थल एवं निकलने वाली झांकियों के निर्धारित मार्ग का सीओ प्रतिमा वर्मा ने निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए है।
ऐतिहासिक बुढ़वा मंगल मेले को लेकर मेला क्षेत्र में 20 सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी। जिसकी मॉनिटरिंग पुलिस के देखरेख में होगी। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र और श्रद्धालुओं के आवागमन रोड की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी। सीओ प्रतिमा वर्मा ने बताया कि बुढ़वा मंगल मेले में जेबकतरों और चोर उचक्कों पर कड़ी नजर रखकर कार्यवाही करने के लिए मेला क्षेत्र में 50 महिला-पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे। और साथ ही पूरे मेला क्षेत्र में खोया पाया केंद्र और पुलिस हेल्प डेस्क भी रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला क्षेत्र में डेढ़ सेक्शन पीएसी जवान, 2 थाना प्रभारी, 2 निरीक्षक, 15 उप निरीक्षक, 32 सिपाही, 5 ट्रैफिक पुलिस, 13 महिला सिपाही के अलावा फायर ब्रिगेड व विद्युत विभाग की टीम तैनात रहेगी। सीओ प्रतिमा वर्मा ने झांकियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दौलतिया हनुमान मंदिर के अलावा अन्य किसी मंदिर में झांकी ना ले जाएं और नई परंपरा की शुरुआत ना करें। थाना प्रभारी के.के. सिंह ने बताया कि प्रतापगढ़ रोड पर जोड़ने वाले संपर्क मार्ग इटहरा बॉर्डर, सटवा, कटरा चुंगी, राम चौकी, भैरोपुर समेत मंदिर परिसर तक जोड़ने वाले मार्गों को मंगलवार सुबह 4:00 बजे से लेकर रात्रि 9:00 बजे तक चार पहिया और दो पहिया वाहनों की एंट्री नहीं रहेगी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह (फंटू) व थाना प्रभारी के.के. सिंह समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

